Bihar: डिप्टी सीएम ने कहा कि आज भगवान परशुराम और भामाशाह की जयंती है। दोनों ही राष्ट्र समर्पित महान व्यक्तित्व रहे हैं। ऐसे दिन पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि राष्ट्रविरोधी ताकतों को समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर खड़े हों।
बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने हाजीपुर दौरे के दौरान आतंकवाद को लेकर तेजस्वी यादव पर विवादित टिप्पणी कर डाली। उन्होंने कहा कि जिस दिन तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद यादव की राह छोड़ देंगे, उसी दिन देश से आतंकवाद का खात्मा हो जाएगा और लोग अमन-चैन की सांस लेंगे। यह बयान उन्होंने हाजीपुर के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान दिया।
दरअसल, पत्रकारों ने उप मुख्यमंत्री से पहलगाम में हुए आतंकी हमले और देश में आतंकवाद के खात्मे को लेकर सवाल किया था। जवाब में विजय सिन्हा ने कहा कि देश से आतंकवाद, अपराध, उग्रवाद और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए जरूरी है कि तेजस्वी यादव अपने पिता की राजनीति से अलग होकर स्पष्ट रुख अपनाएं। जब तक राजद की मानसिकता के लोग इन बीमारियों को संरक्षण देते रहेंगे, तब तक ये समाप्त नहीं होंगी। कांग्रेस के समर्थन से ये ताकतें और मजबूत होती हैं।